Home » देश » UTTARPRADESH » BAREILLY » अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो सेंटर सील

अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो सेंटर सील

नमस्ते इंडिया | विशेष रिपोर्ट

बरेली जिले में बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान भारत अल्ट्रासाउंड सेंटर और मिलन अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि मझगांव ब्लॉक के अलीगंज क्षेत्र में बिना वैध पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालक पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

नोडल अधिकारी के अनुसार संचालकों को तीन दिन के भीतर वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में दस्तावेज उपलब्ध न कराने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जांच में यह भी सामने आया कि आंवला क्षेत्र में जिस रेडियोलॉजिस्ट के नाम पर मिलन अल्ट्रासाउंड सेंटर पंजीकृत था, वह मौके पर मौजूद नहीं मिला और उससे संपर्क भी नहीं हो सका। इसके बाद दोनों सेंटरों को सील कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। विभाग अब अन्य निजी स्वास्थ्य केंद्रों और अल्ट्रासाउंड सेंटरों की भी जांच की तैयारी में जुट गया है।

namesteyindia
Author: namesteyindia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

संबंधित बातम्या